गोपेश्वर। मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी ने जनता मिलन कार्यक्रम में जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया।
जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम के तहत 30 से अधिक फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं दर्ज कराई। सीडीओ ने सभी फरियादों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को हर प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में प्रताप सिंह निवासी रौलीग्वाड़ द्वारा मुआवजा भुगतान से संबंधित शिकायत रखी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित भूमि अध्याप्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। देवर गांव निवासी मनमोहन सिंह ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल कनेक्शन से संबंधित समस्या रखी। इस पर एसडीएम तथा संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी सहमति से प्रकरण का समाधान करने पर बल दिया गया। सुनाली के दिगपाल सिंह ने प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत से का मामला उठाया।
खंड विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर मरम्मत कार्य कराने को कहा गया। कुलदीप नेगी द्वारा नाम परिवर्तन से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। प्रकरण में एसडीएम चमोली एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। राकेश रावत द्वारा भूमि पर कब्जे से संबंधित शिकायत पर एसडीएम को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बमियाला गांव निवासी अभिषेक रावत की नेटवर्क कनेक्टिविटी से संबंधित शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वार्ड-9 के निवासी बलवीर सिंह ने सेप्टिक टैंक से रिसाव की शिकायत की इस पर नगर पालिका गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी को संबंधित पक्ष को तीन दिन के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने हेतु नोटिस जारी करने को कहा गया। इस दौरान राकेश लाल, ललिता तिवाड़ी, आत्माराम, गजेन्द्र सिंह सहित अन्य फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
इस दौरान एडीएम विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, एसडीएम राज कुमार पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फरियादी मौजूद रहे।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पूर्ति विभाग के 3, वन विभाग के 6, लोक निर्माण विभाग के 21, श्रम विभाग के 6, पंचायतीराज विभाग के 5 तथा नगर पालिका के 9 प्रकरणों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए पोर्टल पर की गई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति भी निर्धारित समय पर दर्ज की जाए।
सीडीओ ने जनता मिलन में सुनी समस्याएं, सीएम पोर्टल की भी समीक्षा
