विवेक पंवार बने स्की एंड स्नोबोर्ड के टेक्निकल मेंबर

विवेक पंवार बने स्की एंड स्नोबोर्ड के टेक्निकल मेंबर

गोपेश्वर। जोशीमठ के विवेक पंवार को स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की सेलेक्शन कम टेक्निकल समिति के सदस्य नियुक्त किया गया है।
शीतकालीन खेलों के अनुभवी खिलाड़ी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्की एवं स्नोबोर्ड एथलीट तथा खेल प्रशासन से जुड़े चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ प्रखंड के विवेक पवार को स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया की तकनीकी एवं चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भारतीय शीतकालीन खेलों में उनके लगभग 25-30 वर्षों के अनुभव, खेलों के प्रति योगदान और खिलाड़ियों के हितों के लिए उनकी निरंतर सक्रियता को देखते हुए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों और विंटर नेशनल गेम्स में कई बार चैंपियन रहते हुए अनेक स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिला है। यूरोप और मध्य पूर्व में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने भाग लिया है। भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पदक जीते हैं।
खिलाड़ी के रूप में अपने अनुभव के बाद विवेक पवार पिछले 8-10 वर्षों से खेल प्रशासन, खिलाड़ियों के अधिकारों और खेल व्यवस्था में पारदर्शिता से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका मानना है कि खेलों के विकास के केंद्र में खिलाड़ी होना चाहिए और चयन प्रक्रिया, खेल प्रबंधन तथा खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। वह समय-समय पर खिलाड़ियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं और खेल संगठनों के प्रबंधन में भी अपना योगदान देते रहे हैं।
विवेक पवार ने राष्ट्रीय स्तर की शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं में तकनीकी सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएँ दी हैं। औली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ भारत में आयोजित एकमात्र दक्षिण एशियाई खेलों में भी उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में योगदान दिया है। राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों के आयोजन, तकनीकी प्रबंधन और प्रतियोगिताओं के संचालन में भी वे लगातार सहयोग करते रहे हैं। वर्तमान में वे उत्तराखंड स्की एंड स्नोबोर्ड एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं और उत्तराखंड में शीतकालीन खेलों के विकास के लिए सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *