गोपेश्वर। हिमालयवासियों की अधिष्ठात्री मां नंदा देवी की बड़ी जात तथा लोक जात के दौरान पड़ावों में नंदा के जयकारों से श्रद्धालु अभिभूत हो रहे हैं।
मौसम के सामन्य होते ही अब भक्तों के चेहरों पर भी रोनक लौटनें लगी है। भादौ के महीने में पहाड़ों का अभिभूत कर देने वाला प्राकृतिक सौंदर्य लोगो को बेहद भा रहा है। जैसे-जैसे माँ नंदा की देव डोलियां अगले पड़ावों के लिए पहुंच रही है वैसे-वैसे बड़ी जात तथा लोकजात में शामिल होने वाले भक्तों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। हर कोई 12 बरस में आयोजित होने वाली हिमालय की अधिष्ठात्री देवी मां नंदा की बड़ी जात के अनुष्ठान में शामिल हो रहा है।
बुधवार को बंड की नंदा की उत्सव ड़ोली कम्यार गांव, बधाण की नंदा डुंगरी गांव और दशोली की नंदा रात्रि विश्राम के लिए मटई ग्वाड गांव पहुंच गई है। बंड की नंदा नौरख पीपलकोटी, मल्ला अगथल्ला, नंदोली मंदिर, रैतोली, नरगोली गांव से होते हुए रात्रि विश्राम के लिए कम्यार गांव पहुंची तो लोगों ने पुष्प वर्षा के साथ देव ड़ोली की आगवानी की। मां राजराजेश्वरी बधाण की नंदा डोली अपने मायके पक्ष के अंतिम पड़ाव से ससुराल क्षेत्र में प्रवेश कर गई। अब यहां से मां नंदा का ससुराल में स्वागत बहू की तरह होने लगा है। इसके तहत डुंग्री गांव में मां नंदा की जोरदार आगवानी की गई। कुरुड दशोली की नंदा डोली सेमा गांव से बैराशकुंड होते हुए रात्रि विश्राम के लिए मटई ग्वाड गांव पहुंच गई है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने उमंग व उल्लास के बीच देव ड़ोली की आगवानी की।
इजराइल का टॉम बना आकर्षण यूटबर भी पहुंच रहे
हिमालय की अधिष्ठात्री देवी मां नंदा की शक्ति इतनी विराट है कि हर कोई उसकी ओर खींचा चला आता है। मां नंदा के प्रति आस्था इजरायल के टॉम को उत्तराखंड के नंदानगर खींच लायी। टॉम, कुरूड से मां नंदा की दशोली की डोली के साथ एक पड़ाव से दूसरे पड़ाव चल रही है। उनका कहना हैं कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा है कि विश्व में इस तरह की कोई पैदल यात्रा भी हो सकती है जो इतनी भव्य और दिव्य है। टॉम पहाड़ की लोकसंस्कृति, आतिथ्य सत्कार और प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत हैं। वह मां नंदा के साथ होमकुंड तक जायेंगे।
दूसरी ओर मां नंदा की बड़ी जात में दर्जनों युट्यूबर भी पहुंच रहे हैं। दिल्ली, पंजाब, मुनस्यारी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, देहरादून सहित विभिन्न स्थानों से युवा यूट्यूबर मां नंदा की बड़ी जात का हिस्सा बन रहे हैं और देश दुनियां तक बड़ी जात की तस्वीरों को पहुंचा रहे हैं।
मां नंदा देवी के जयकारों से गूंज रहे पड़ाव, श्रद्धालु हो रहे अभिभूत
