गोपेश्वर। बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने जिला मुख्यालय गोपेश्वर में ब्रह्मसैंण भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए ट्रीटमेंट कार्यो में तेजी लाने पर जोर दिया है।
गोपेश्वर-घिंघराण सड़क मार्ग पर स्थित ब्रह्मसैण में भू-स्खलन के चलते सड़क मार्ग कई दिनों से अवरूद्ध चल रहा है। इस कारण तमाम गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित तो हो ही रही है अपितु जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पर भी संकट खड़ा हो गया है। हालांकि आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक, पूर्व मंत्री राजेंद्र भंडारी तथा जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पहले ही आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए सड़क मार्ग को आवाजाही के लिए सुचारू करने के निर्देश दिए है। इसके तहत लोनिवि सड़क को सुचारू करने के लिए पुस्तों का निर्माण कर रहा है। निर्माण कार्य जारी रहने के चलते आवाजाही सुचारू न होने से स्कूली बच्चों तथा शिक्षकों को भी आवाजाही दिक्कतें आ रही है।
सोमवार को बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने मौके पर पहुंचकर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क मार्ग पर चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। विधायक ने कार्य की धीमी प्रगति एवं गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकाधिक मैनपांवर के जरिए काम को युद्ध स्तर पर संचालित किया जाना चाहिए। इससे लोगों की आवाजाही सुचारू जल्द हो सकेगी।
विधायक ने भूस्खलन क्षेत्र में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होने पर भी चिंता जताते हुए पानी के रिसाव को चैनलाइज करते हुए नालियों के माध्यम से गदेरों तक पहुंचानें को कहा। इससे भू-स्खलन की स्थिति पर रोक लग सकेंगी। अधिकारियों को कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर बल देते हुए उनका कहना था कि आवागमन की समस्या से लोगों को जल्द निजात दी जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान चमोली के एसडीएम आर के पांडे, लोनिवि के सहायक अभियंता उमेश धारिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी, उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, नगराध्यक्ष धीरेंद्र सिंह गरोड़िया, जिला प्रवक्ता गोविंद सजवाण, पूर्व नगराध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, युवा नेता मुकुल बिष्ट, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती ऊषा रावत, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, राकेश बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश पंवार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
