सिनाऊं गांव के प्रवास पर पहुंची चंडिका की बन्याथ यात्रा

सिनाऊं गांव के प्रवास पर पहुंची चंडिका की बन्याथ यात्रा

गोपेश्वर। पोखरी ब्लाॅक के चमेठी गांव की मां चंडिका की बन्याथ यात्रा रात्रि प्रवास के लिए मायके के गांव सिनांऊ पहुंच गई है। इससे पूर्व देव डोली ने शरदोत्सव मेले में पहुंचकर आयोजकों को आशीष दिया।
पोखरी क्षेत्र के 84 गांवों की आराध्य देवी मां चंडिका की वन्याथ यात्रा के पहले दिन मां चंडिका शरदोत्सव मेला मंच में पहुंचीं। इस दौरान सभी लोगों ने पुष्प वर्षा के साथ चंडिका के निशाणों की आगवानी की। मेला मंच पर पहुंचने पर मां चंडिका ने 20वें हिमवत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेले के सफल आयोजन तथा क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद दिया। मां चंडिका ने मेले के जनक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल सहित मेला समिति के सभी पदाधिकारियों को आशीर्वाद दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल और मेला समिति के पदाधिकारियों ने मां चंडिका की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मनौती मांगी। इस अवसर पर ब्रह्म गुरु दीपक कुंवर ने कहा कि वर्ष 1832 में टिहरी नरेश ललित शाह ने मां चंडिका की वन्याथ यात्रा कराई थी। उन्होंने बताया कि 251 वर्ष बाद मां चंडिका की नौ माह की देवरा यात्रा शुरू हुई है। उन्होंने मां चंडिका से सभी के कल्याण की कामना की। इसके बाद देवी के मायके के गांव सिनाऊ को रवाना हुई। सिनाऊ गांव पहुंचने पर मां चंडिका के जयकारों तथा पुष्प वर्षा के साथ देवी की आगवानी की गई। इसके साथ ही ग्रामीण चंडिका देवी की पूजा अर्चना तथा अखंड जागरण में जुट गए हैं।
इस दौरान देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष जगदीश रावत समेत समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बन्याथ यात्रा के तहत विभिन्न गांवों का भ्रमण चलता रहेगा। कहा कि क्षेत्र वासियों की खुशहाली के लिए ही बन्याथ यात्रा निकली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *