गोपेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत 12 अक्टूबर से नामंाकन की प्रक्रिया शुरू होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखंड द्वारा उत्तराखंड जिला योजना समिति अधिनियम 2007 एवं संबंधित नियमावली के प्रावधानों के तहत जिला योजना समिति (डीपीसी) के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों से उत्तराखंड के समस्त जनपदों में रिक्त प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (जिला पंचायत हरिद्वार का प्रमुख क्षेत्र छोड़कर) के जिला योजना समितियों के सदस्यों के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 12 अक्टूबर को नामांकन, 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच, 14 अक्टूबर को नाम वापसी तथा 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान के दिन ही मतगणना कर निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 अक्टूबर से रिटर्निंग ऑफिसर/जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामांकन पत्र निर्धारित स्थान एवं कार्यालय समय में उपलब्ध कराए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से जांच समाप्त होने तक की जाएगी। नाम वापसी 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक की जा सकेगी। मतदान 16 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद अपराह्न 3 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएग। यह कार्य की समाप्ति तक जारी रहेगी। निर्वाचन परिणाम निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित किए जाएंगे।
