बदरीनाथ धाम में पितृ पक्ष में उमड़ा आस्था का सैलाब

बदरीनाथ धाम में पितृ पक्ष में उमड़ा आस्था का सैलाब

गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम मे पितृ पक्ष के दौरान आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पितृ पक्ष के दौरान अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे।
बताते चलें कि बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मकपाल में हर साल पिंडदान के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में आते हैं। इस बार भी 26 सितंबर से शनिवार तक पितृ पक्ष के चलते श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। शुक्रवार को श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। अब शनिवार को पितृ पक्ष के अंतिम दिन भी श्रद्धालु पिंडदान में मौजूद रहेंगे। पितृ पक्ष के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मकपाल पहुंचकर अपने पितरों की आत्मशांति एवं मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान में व्यस्त रहे।
चमोली पुलिस श्रद्धालुओं की भारी आमद के चलते अतिरिक्त सतर्क रही। एसपी सुरजीत सिंह पंवार भी इस दौर में ग्राउंड जीरों पर मौजूद रहे। वैसे भी कपाट खुलने के पश्चात अब तक बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा 19 लाख पार कर चुका है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती आमद के चलते चमोली पुलिस ने यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, धाम क्षेत्र एवं प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को चाक चैबंद किया है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और पितृ पक्ष के दौरान ब्रह्मकपाल में होने वाले पिंडदान को देखते हुए ’पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट द्वारा भी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। एसपी पंवार ने बताया कि चमोली पुलिस का प्रयास है कि आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। बढ़ती भीड़ के बीच पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन एवं ब्रह्मकपाल में पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूर्ण करने में दिक्कतें खड़ी न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *