मानदेय बढ़ोतरी को सड़कों पर उतरी आंगनवाड़ी वर्कर

मानदेय बढ़ोतरी को सड़कों पर उतरी आंगनवाड़ी वर्कर

गोपेश्वर। मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति पर आर्थिक सहायता की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बुधवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जुलूस-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
आंगनवाडी कार्यकत्री संगठन की जिलाध्यक्ष कश्मीरा देवी के नेतृत्व में कार्यकत्रियों ने बस स्टेशन से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। कलेक्ट्रेट में जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन के बीच जुलूस धरने में तब्दील हो गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कश्मीरा देवी ने कहा कि संगठन लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रही है, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन दिए जा रहे परंतु समाधान नहीं निकाला जा रहा है। इसको लेकर संगठन में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांग नहीं मानती है तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र एडीएम विवेक प्रकाश को सौंपा गया। इसमें राज्य सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 140 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी और केंद्र सरकार से 150 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त मानदेय दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने सेवानिवृत्ति के समय 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि दिए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवाएं देने के बावजूद उन्हें अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है।
इस दौरान उपाध्यक्ष उमा चंदोला, ब्लॉक अध्यक्ष मंजू देवी, मीडिया प्रभारी अनीता नेगी, गीता देवी, प्रभा तिवारी, सुलोचना, कमला, सुषमा, कस्तूरा देवी समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *