मोबाइल टावर से बैटरी चोरी मामले के आरोपी पहुंचे जेल

पोखरी। मोहनखाल स्थित मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी कर बाइक से भाग रहे दो आरोपियों को पोखरी पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर चोरी के सामान समेत धर दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल टावर से चोरी की गई बैटरियां बरामद की हैं।
पोखरी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत ने बताया कि 2 अक्तूबर की सायः इंडस टावर लिमिटेड कंपनी में केयरटेकर के पद पर कार्यरत ताली गांव निवासी ओमप्रकाश ने थाना पोखरी में सूचना दी कि मोहनखाल मोबाइल टावर के शेल्टर रूम से दो अज्ञात व्यक्ति बैटरियां चोरी कर जंगल के रास्ते सड़क की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही वह स्वयं पुलिस फोर्स के साथ आरोपियों की तलाश में रवाना हुए। मोहनखाल चैकी समेत विभिन्न स्थानों पर तत्काल बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान वाहन (एचआर-02 बीसी-6155) पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। उनके कब्जे से मोबाइल टावर से चोरी की गई बैटरियां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने इससे पूर्व भी उक्त मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी करने की बात पुलिस को बताई।

पुलिस ने दोनों को 2 घंटे में किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पौड़ी जिले के थलीसैंण थाना क्षेत्र के खल ग्राम निवासी रोहित रावत तथा उत्तरकाशी जनपद के धरासू थाना क्षेत्र के छोटी मंडी गांव निवासी मनीष रमोला के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर दिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों अभियुक्तों को जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *