गोपेश्वर। बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारियों में जुटने पर जोर दिया है।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित कांग्रेस कार्यालय में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि चुनाव से पूर्व संगठन की मजबूती, संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सबका फोकस रहना चाहिए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता से सीधे संवाद बढ़ाने पर भी चर्चा की। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का आह्वान किया।
बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में नए सदस्यों के पार्टी से जुड़ने को कांग्रेस के संगठन विस्तार की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है और आने वाले समय में क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी।
बैठक में कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास जताते हुए छह नए सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सुरेंद्र लाल आगरी मोहनलाल आर्य, गिरधारी सिंह सजवाण, शिशुपाल सिंह फरस्वाण, सावित्री कोहली, धर्मेंद्र शामिल रहे। नए सदस्यों का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं, पार्टी की पट्टिका और शॉल भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता की शपथ दिलाई गई। बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन के विस्तार और नए कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, भगत कनियाल, राजेंद्र सिंह रावत, मदन सेमवासी, शिवलाल आर्य, मनमोहन ओली, विजया कंडारी, लीला रावत, गोपाल रावत, हर्षवर्धन नेगी, प्रताप लाल, सोहन भारती, सूरज टकोला, बृजमोहन, अमित नेगी आदि मौजूद रहे।
विधानसभा चुनावी तैयारियों में जुटें कांग्रेस कार्यकर्ता: बुटोला
