बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यो में न हो हीलाहवाली: सीएम

बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यो में न हो हीलाहवाली: सीएम

गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की मनौती मांगी। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यो का जायजा लेते हुए कार्यो को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि मास्टर प्लान के कार्यो में हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए।
रविवार को सीएम धामी बदरीनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूजा अर्चना कर भगवान बदरीविशाल से प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि तथा खुशहाली की मनौती मांगी। उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम आना अपने आप में एक विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति है।
सीएम धामी ने इस दौरान बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यो का जायजा लिया। उन्होंने आस्था पथ सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ ही धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

सीएम धामी ने किए बदरीविशाल के दर्शन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में श्री बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। मास्टर प्लान के अंतर्गत विकसित की जा रही सुविधाओं से धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में धाम की पारंपरिक पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक स्वरूप के संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
धामी कहना था कि कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदार की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया था। राज्य सरकार इस संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड को प्रकृति ने अनुपम सौंदर्य के साथ ही अद्वितीय आध्यात्मिक संपदा भी प्रदान की है। चारधाम, पवित्र गंगा-यमुना, हिमालय और हेमकुंड साहिब सहित अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल देवभूमि की विशिष्ट पहचान हैं। सरकार का प्रयास है कि इन तीर्थस्थलों का विकास श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप सुव्यवस्थित तरीके से हो और उनकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा भी अक्षुण्ण रहे।
इस दौरान सीएम ने बदरीनाथ धाम आए तीर्थ यात्रियों से यात्रा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। उन्होंने तीर्थ यात्रियों से उत्तराखंड की यात्रा पर आने की भी अपील की। इस अवसर पर डीएम गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, चारधाम विकास के दर्जा राज्य मंत्री माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बत्र्वाल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी व अरुण मैठाणी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *