गोेपेश्वर। बदरीनाथ धाम में नंदाष्टमी पर्व पर बामणी गांव की महिलाओं संग सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दांकुडी लगाई। इससे माहौल में पूरी तरह जोश भर गया।
दरअसल बामणी गांव में हर साल की तरह नंदाष्टमी का पर्व मनाया जा रहा था। इसी दौरान सीएम धामी भी नंदाष्टमी पर्व में शामिल होने पहुंचे। महिलाएं मां नंदा की स्तुति कर दांकुड़ी लगा रही थी। सीएम धामी भी महिलाओं संग दांकुड़ी लगाने लगे। इससे से महिलाओं में जोश भर गया। उन्होेंने ग्रामीणों को नंदा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए देवभूमि की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया।
सीएम धामी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में सड़क, बिजली, दूरसंचार, पर्यटन एवं आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। माणा, नीति और जादुंग जैसे सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन एवं आजीविका से जोड़ते हुए स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों से पलायन रोकना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होम स्टे, कृषि, बागवानी, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन, सुगंधित पौधों एवं स्थानीय मसालों की खेती के साथ-साथ शीतकालीन पर्यटन, साहसिक पर्यटन और ‘वेडिंग इन उत्तराखण्ड’ जैसी पहलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, पहाड़ी व्यंजनों एवं हस्तशिल्प के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं।
इस दौरान बीेकेटीसी के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, महिला मंगल दल अध्यक्ष बीना पंवार, प्रधान मनोरमा मेहता, संगीता मेहता, सुधीर मेहता, राजदेव मेहता, राजेश मेहता, मनदीप भंडारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
बामणी गांव में नंदाष्टमी पर महिलाओं संग सीएम धामी ने लगाई दांकुड़ी
