गोपेश्वर। कर्णप्रयाग ब्लाॅक के बगोली के समीप कार दुर्घटना में शिक्षक का परिवार बाल-बाल बच निकला।
मिली जानकारी के अनुसार बगोली के समीप एक कार (यूके-13ए-2203) सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम ने राहत व बचाव अभियान के तहत सभी सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि कार चालक शिक्षक धमेंद्र सिंह राणा अपने पत्नी तथा बच्चों को लेकर बागेश्वर के कुरड़ा (बैजनाथ) से गौचर आ रहे थे। बगोली गांव के पास हल्का मोड़ आने पर उनका हाथ स्टेयरिंग में फंस जाने के कारण वह स्टेयरिंग को सही नहीं कर पाए। इससे कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। धमेंद्र सिंह राणा तथा उनकी पत्नी साक्षी राणा दोनों शिक्षक हैं। तबादले के बाद वे जीजीआईसी गौचर में ज्वाइनिंग करने जा रहे थे। घायलों में 7 वर्षीय बेटी आरवी राणा तथा 5 वर्षीय बेटी जागृति शामिल है। गनीमत रही कि पूरा परिवार इस दुर्घटना में बाल-बाल बच निकला।
दुर्घटना में कार सवार सभी चार लोगों को हल्की चोटें आने के बाद घायलों को कर्णप्रयाग अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि घायल शिक्षक धमेंद्र सिंह राणा रूद्रप्रयाग जनपद के चोपता के समीप भनु गांव के निवासी है।
