नंदा जात यात्रा: भक्तों की सुरक्षा प्राथमिकता: एसपी

नंदा जात यात्रा: भक्तों की सुरक्षा प्राथमिकता: एसपी

गोपेश्वर। हिमालयवासियों की अधिष्ठात्री मां नंदा देवी की बड़ी जात तथा लोकजात पर निकले भक्तों की सुरक्षा के लिए डेंजर जोन पर पुलिस का पहरा रहेगा।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने थराली के चेपड़ो में नंदा जात यात्रा डयूटी पर तैनात जवानों को ब्रीफ कर जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि मां नंदा की बड़ी जात तथा लोकजात यात्रा में तीनों देव डोलियों के साथ दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई-उतराई और बारिश के बीच चमोली पुलिस व एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए उन्हें कठिन रास्तों को सुरक्षित पार कराने में सहयोग कर रहे हैं। यात्रा मार्गो पर भक्तों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता बनी है।
एसपी ने कहा कि यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन एवं 4 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्ग पर एक अपर पुलिस अधीक्षक, 3 पुलिस उपाधीक्षक, 5 निरीक्षक, 28 उप निरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 128 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 14 महिला कांस्टेबल एवं यातायात पुलिस के 12 जवान समेत आईआरबी की 2 प्लाटून, एसडीआरएफ की 3 टीमें, फायर सर्विस की एक यूनिट तथा दूरसंचार की टीमें’ तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि मां नंदा की जात यात्रा महत्वपूर्ण एवं आस्था से जुड़ी यात्रा है। मौजूदा दौर में बारिश का मौसम होने के साथ ही यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां भी काफी विषम एवं चुनौतीपूर्ण हैं। कई स्थानों पर दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई एवं फिसलन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयास यही है कि मां नंदा की इस पावन यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और आस्था की इस कठिन डगर को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।
इस दौरान कर्णप्रयाग के एसडीएम अलकेश नोडियाल, थराली के एसडीएम यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्धाज, कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह व सुशील रावत, एसडीओ जुगल किशोर, थराली के तहसीलदार अक्षय पंकज, चेपड़ों के प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गडिया समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *