बीकेटीसी में 23 अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पदोन्नति 

बीकेटीसी में 23 अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पदोन्नति 

गोपेश्वर।  श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति में अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 23 अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की गई है।

बीेकेटीसी में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को बहाल करते हुए 23 अधिकारियों तथा कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी कर दी गई है। श्री बदरीनाथ केदारनाथ समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया की विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुति के आधार पर अधिकारियों तथा कर्मचारियों को विभिन्न पदों पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इस प्रक्रिया से

लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को राहत मिली है।

अध्यक्ष द्विवेदी ने बताया कि मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की अध्यक्षता में गठित विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुति पर पदोन्नति कार्रवाई की गयी है। विभागीय प्रोन्नति समिति की अनुशंसा एवं सक्षम स्तर से अनुमोदन के उपरांत वरिष्ठ सहायक के 14 रिक्त पदों के सापेक्ष वर्षों से कार्यरत अवर सहायकों को लिपिक उपसेवा संवर्ग में वरिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नति प्रदान की गयी है। इसके साथ ही मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा लेखाकार के पदों पर भी पदोन्नतियां की गयी हैं। कहा कि कर्मचारियों एवं अधिकारियों की पदोन्नति एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इससे कर्मचारियों को उनके कार्य और सेवाकाल के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुतियों के आधार पर पात्र कर्मचारियों एवं अधिकारियों को नियमानुसार पदोन्नति प्रदान करने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। बीकेटीसी स्थायी कर्मचारियों की पदोन्नति के साथ ही अस्थायी कर्मचारियों के हितों के लिए भी कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पहले ही 70 अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की गयी है। अस्थायी कर्मचारियों की वेतन तथा अन्य मांगों के निराकरण हेतु उप समिति का गठन कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *