गोपेश्वर। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समय सारणी में संशोधन करते हुए अब दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अवधि बढ़ा दी है। इसके चलते अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर को होगा।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में संशोधित समय-सारणी के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 सितम्बरनिर्धारित की गई है। इसके पश्चात 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। बताया कि जनपद चमोली की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कुल 63,347 नोटिस जारी किए गए थे। इन सभी नोटिसों पर सुनवाई की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। संबंधित प्रकरणों को पोर्टल पर अपलोड भी किया जा चुका है। बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त के मध्य प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुरूप शेष कार्रवाई को समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने को कहा। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि संशोधित कार्यक्रम एवं निर्धारित तिथियों की जानकारी प्राप्त कर पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। इससे कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रह पाएगा।
अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को प्रकाशित होगी
