गोपेश्वर। दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं दानीदाता राधाकृष्ण कानौड़िया के बेटे सुशील कानौड़िया ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बदरीविशाल, माता लक्ष्मी तथा घंटाकर्ण भगवान को ध्वज अर्पित कर सेवा का संकल्प लिया।
सुशील कानौड़िया परिवार बदरीनाथधाम पहुंचे तो मंदिर अधिकारी एवं प्रोटोकाॅल अधिकारी राकेश सेमवाल ने सुशील कानौड़िया तथा परिजनों का स्वागत सत्कार कर प्रसाद और अंग वस्त्र भेंट किए। इसके बाद उन्होंने अभिषेक पूजा में भाग लेकर खुशहाली की मनौती मांगी। इस दौरान उन्होंने भगवान की सेवा का संकल्प भी लिया।
कानौड़िया परिवार की सनातन धर्म एवं मंदिरों के संरक्षण में अहम भूमिका रही है। इस परिवार की सनातन धर्म, धार्मिक आस्था एवं सेवा कार्यों में गहरी रुचि रही है। छह दशकों से अधिक समय से यह परिवार श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम में सेवा दान समेत देश के विभिन्न छोटे-बड़े मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं धार्मिक कार्यों तथा समाज सेवा कार्यों में योगदान देता रहा है श्री सुशील कानौड़िया के साथ ही उनके अनुज उद्योगपति दिनेश कानौड़िया तथा दिवंगत विजय कानौड़िया का भी श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ हेतु सेवा भाव तथा मंदिरों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण में विशेष योगदान रहा है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अंतर्गत तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष कलश एवं छतरी के जीर्णोद्धार तथा गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर के भैरवनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण में कानौड़िया परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2024 में कानौड़िया परिवार ने श्री तुंगनाथ जी के शीर्ष छतरी का निर्माण कराया है। अनुसुया माता मंदिर चांदी के सिंहासन निर्माण, श्री बदरीनाथ धाम यात्रा पड़ाव पांडुकेश्वर से पहले स्थित ग्रीफ केंप के निकट शिव मंदिर का भी निर्माण कराया है।
बदरीनाथ धाम के प्रवास के दौरान उद्योगपति सुशील कनौड़िया ने बीकेटीसी कर्मचारियों को जैकेट तथा साधु-संतों को वस्त्र एवं कंबल वितरित किए। इससे पूर्व वह श्री केदारनाथ धाम में भी दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व कानौड़िया परिवार ने गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्री भैरवनाथ जी के मंदिर का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कराया ।जिसके लिए श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने उनका आभार जताया। कनौड़िया परिवार के इन सेवा कार्यों को धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं श्रद्धालुओं की सेवा के प्रति समर्पण के रूप में देखा जाता रहा है।
इस दौरान सुशील कानौड़िया के साथ उनकी धर्मपत्नी ममता कनोड़िया, पुत्र दीपक कनौड़िया, पुत्रवधू पायल कनौड़िया, पुत्री चेरी गुप्ता एवं नेहा गोयल सहित पोते क्यान और कृषव भी मौजूद रहे।
उद्योगपति सुशील कानौड़िया परिवार ने किए बदरीविशाल के दर्शन
