गोपेश्वर। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि अब स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, डिजिटल मॉनिटरिंग एवं त्वरित सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया जाएगा।
जनपद पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी में अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी ने कहा कि अब जनपद में स्मार्ट पुलिसिंग पर खास फोकस रहेगा। जनपद में गठित अपराधों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं का तत्काल निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने कानून एवं शांति व्यवस्था तथा पुलिसिंग से जुडे़ विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि थाना प्रभारियों को अपराध नियत्रंण के लिए बेहतर पुलिसिंग पर जोर देना होगा।
एसपी पंवार ने आगामी नंदादेवी की बड़ीजात के चलते प्रमुख पड़ावों तथा यात्रा मार्गो पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चौकस करने पर जोर देते हुए पुलिस बल की तैनाती के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। सर्किलवार लंबित विवेचनाओं, विभिन्न प्रकरणों, पंचायतनामा मामलों, ऑनलाइन/ऑफलाइन शिकायतों, न्यायालय से प्राप्त समन/वारंट, गुमशुदाओं तथा अन्य लंबित जांचों’ की गहन समीक्षा कर समयवद्ध निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीएनएस मास्टर ट्रेनर द्वारा सीसीटीएनएस 2.0 के नवीन प्रावधानों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी थाना प्रभारियों को जरूरी टिप्स दिए गए। सिस्टम ऑफिसर रवि भंडारी ने सभी अधिकारियों को आईसीजे के माध्यम से प्रथम सूचना रिपोर्ट एवं आरोप पत्र कंज्यूम किए जाने की प्रक्रिया’ तथा न्यायालय में लंबित/विलंबित चालानों एवं वादों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी माह में जनपद के विभिन्न ’महाविद्यालयों में होने वाले छात्र संघ चुनावों’ को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्व से आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने पर जोर देते हुए छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक एवं संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बीते माह में उत्कृष्ट कार्य करने पर ज्योतिर्मठ के एसडीआरएफ प्रभारी निरीक्षक कर्ण सिह, पीपलकोटी के चौकी प्रभारी एसआई लक्ष्मीप्रसाद बिजल्वाण, फायर स्टेशन गोपेश्वर के प्रभारी एफएसएसओ सुशील कुमार को पुलिस मैन ऑफ द मंथ के खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा, चमोली के पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, सहायक अभियोजन अधिकारी मनमोहन सिंह समेत अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
