गोपेश्वर। एकल विद्यालय की बहनों ने टीएचडीसी टनल हादसे में घायल श्रमिकों को रक्षाबंधन की पूर्व बेला पर राखी बांध कर उनके स्वस्थ होने की भगवान से मनौती मांगी।
बताते चले कि 13 अगस्त को टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में भू-स्खलन तथा पानी के रिसाव के चलते 22 मजदूर टनल में ही फस गये थे। रेस्क्यू आॅपरेशन के चलते 11 मजदूर सुरक्षित बच निकले जबकि 11 मजदूर इस हादसे में जिंदा दफन हो गए। हालांकि उपचार के पश्चात 6 मजदूरों को डिस्चार्ज कर दिया गया। अभी भी 4 मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बुधवार को रक्षाबंधन की पूर्व बेला पर एकल अभियान अंचल गोपेश्वर की बहनों ने जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचकर टीएचडीसी टनल हादसे में घायल श्रमिकों की कलाई पर राखी बांधी। बहनों ने श्रमिक भाइयों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु की कामना की। इस दौरान अस्पताल में भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला।
जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन चार श्रमिक झारखंड के खिला राम, विनोद, दीनविंगर तथा छतीसगढ़ के पेन सिंह का ऑपरेशन एवं उपचार चल रहा है। इस अवसर पर एकल विद्यालय की बहनों ने अस्पताल पहुंचकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा तो श्रमिक भावुक हो उठे। श्रमिकों ने बताया कि वे अपने घर-परिवार से हजारों किलोमीटर दूर रहकर काम कर रहे हैं और रक्षाबंधन के दिन उन्हें अपने घर तथा बहनों की याद आ रही थी।
घायल श्रमिकों ने कहा कि अस्पताल में उपचार के दौरान एकल विद्यालय की बहनों का राखी बांधने पहुंचना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण रहा। उन्होंने कहा आज हमें ऐसा महसूस हुआ जैसे हमारी अपनी बहनें हजारों किलोमीटर दूर से हमारे पास आ गई हों। बहनों के इस स्नेह ने उन्हें कठिन समय में भावनात्मक संबल दिया है।
एकल अभियान की बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, अपनत्व, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का अवसर भी है। कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे श्रमिक भाइयों के साथ खड़ा होना और उन्हें परिवार जैसा स्नेह देना ही रक्षाबंधन की सच्ची भावना है।
घायल श्रमिकों की देखरेख में टीएचडीसी के फार्मेसिस्ट आशीष खाली समेत उनके चार साथी भी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार एवं देखभाल में सहयोग कर रहे हैं। इस अवसर पर एकल अभियान अंचल गोपेश्वर के प्रभारी अतुल साह, सचिव हरि प्रसाद ममगांईं, अंचल महिला अध्यक्ष मीना तिवारी, महिला सचिव नीरजा पंवार, अंचल अभियान प्रमुख रश्मि नेगी, संभाग महिला प्रमुख दया पांड्या, अमीशा जी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
