गोपेश्वर। बदरीनाथ मंदिर में दान की राशि की गणना में गबन को लेकर शनिवार को 2 जुलाई के सीसीटीवी फुटेज पेन ट्राइव में लेकर कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
बताते चले कि बदरीनाथ मंदिर में दान चढावा गणना के दौरान मामला हेराफेरी सामने आने के बाद बीकेटीसी ने बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके चलते पुलिस ने जांच प्रारंभ करते हुए मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्रित करने की कयावद तेज कर दी है। इसी के तहत शनिवार को पुलिस जांच दल ने बीकेटीसी से गणना स्थल के सीसीटीवी फुटेज मांगे। इस आधार पर पैन ट्राइव के माध्यम से बीकेटीसी ने फुटेज पुलिस टीम को सौंप दिए हैं।
बीकेटीसी के सीईओ सोहन सिंह रांगड ने बताया कि विवेचना के लिए जिन जरूरी दस्तावेजों की मांग पुलिस की ओर से की जा रही है। उन्हें पुलिस को उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
इस बीच दान राशि में गबन मामले की जांच के लिए बीकेटीसी की ओर से गठित चार सदस्यीय टीम ने जांच पूरी कर ली है। बताया जा रहा है कि सोमवार तक जांच रिपोर्ट अध्यक्ष को सौंप दी जाएगी। इसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सीईओ ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर पहले से अवकाश पर गए बदरीनाथ मंदिर में तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है और संबंधित कार्मिकों को कार्यस्थल पर लौटने के आदेश जारी कर दिए गए है। इसके चलते बदरीनाथ में तैनात कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बिना अध्यक्ष और सीईओ की अनुमति के कार्यस्थल नहीं छोड़ेगा।
