रसोई गैस के लिए एजेंसी में लग रही लंबी कतार

रसोई गैस के लिए एजेंसी में लग रही लंबी कतार

गोपेश्वर।  पोखरी क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति अनियमित होने से गैस एजेंसी में गैस भरवाने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से गैस आपूर्ति न होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
पोखरी क्षेत्र में रसोई गैस के अनियमित होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ता केवाईसी कराने और गैस सिलेंडर भराने को गैस एजेंसी देवस्थान पहुंच रहे हैं। इससे यहां भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे लंबे तनाव के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर अब स्थानीय स्तर पर साफ दिखने लगा है। चांदनीखाल, किमोठा, हापला सहित कई ब्रांच रोड क्षेत्रों में लंबे समय से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि जैसे ही गैस सिलेंडर से भरा ट्रक एजेंसी पहुंचता है। उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। सिलेंडर भराने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। क्षेत्र की सीता देवी, शांता देवी, सत्येंद्र नेगी, भागुली देवी दीपक चैधरी आदि का कहना है कि भिकोना, चांदनीखाल, धौड़ा, हापला क्षेत्रों में लंबे समय से रसोई गैस नहीं पहुंच रही है। मजबूरी में उन्हें वाहन बुक कर पोखरी आकर सिलेंडर भरवाना पड़ रहा है। इससे समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। शादी विवाह का सीजन चल रहा है। परिवारों में शादियां है गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान हैं नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, पार्षद गिरीश किमोठी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवीन्द्र नेगी, ब्लॉक संरक्षक कुलर सिंह चैधरी, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा, प्रधान संगठन के ब्लांक अध्यक्ष तेजपाल रावत निर्मोही, रमेश चैधरी, संतोष चैधरी और राज्य आंदोलनकारी संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर सिंह खत्री ने सरकार से मांग की है कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चांदनीखाल, भिकोना, धौड़ा, हापला, त्रिशूला, बिनगढ़, उड़ामाड़ा समेत सभी प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस आपूर्ति कराने की मांग उठाई है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
गैस एजेंसी प्रबंधक सुरेंद्र प्रसाद पुरोहित ने बताया कि तीन-चार दिन में एक ट्रक गैस सिलेंडर पहुंच रहा है। इसके कारण एजेंसी में भीड़ लग रही है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त आपूर्ति मिलते ही सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *