आग से जल कर स्वाहा हुआ ऐतिहासिक कपूर गली भवन

आग से जल कर स्वाहा हुआ ऐतिहासिक कपूर गली भवन

गोपेश्वर। थराली नगर में गुरुवार सुबह भीषण अग्निकांड में करीब 100 वर्ष पुराना ऐतिहासिक कपूर गली भवन जलकर राख हो गया। आग की लपटों ने भवन को अपनी चपेट में ले लिया, इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह करीब 10 बजे भवन से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी सूचना तत्काल दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भवन संकरी गलियों और सड़क से दूर होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक पूरा भवन जल चुका था। घटना के समय भवन में रह रहे मजदूर काम पर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मजदूरों का घरेलू सामान और अन्य सामग्री आग की भेंट चढ़ गई।
स्थानीय व्यापारी प्रेम बुटोला ने बताया कि कपूर गली भवन थराली की ऐतिहासिक पहचान माना जाता था। पुराने समय में यहां ट्रेजरी समेत बाजार की प्रमुख गतिविधियां संचालित होती थीं। नए पुल के निर्माण के बाद बाजार दूसरी ओर स्थानांतरित हो गया और भवन धीरे-धीरे वीरान हो गया था।
घटना की सूचना पर पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *