गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कर्णप्रयाग के भू-धंसाव प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तथा मुआवजा प्रक्रिया को बढ़ावा देने का भरोसा दिया है।
कर्णप्रयाग के बहुगुणा नगर तथा सुभाषनगर के आदपा प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए डीएम ने कहा कि सभी प्रभावित परिवार आपसी सहमति से क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे एवं संभावित विस्थापन के संबंध में एकमत प्रस्ताव तैयार कर लें। इससे शासन को रैफर किया जाएगा। इसके चलते मामले में अग्रिम कार्रवाई संभव हो सकेगी।
विधायक अनिल नौटियाल ने बैठक में बताया कि कर्णप्रयाग के भू-धंसाव को लेकर मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया है। सीएम ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन से बात की। इसी क्रम में डीएम की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे आपसी सहमति बनाकर लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत करें ताकि मुआवजा वितरण एवं भू-धंसाव क्षेत्र में ट्रीटमेंट का काम प्रारंभ किया जा सके। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में तकनीकी रूप से आवश्यक ट्रीटमेंट कार्य प्रस्तावित है। प्रभावित परिवारों के मध्य मुआवजे को लेकर एकमतता न होने के कारण कार्यों के क्रियान्वयन में बाधा खड़ी हो रही है। कहा कि सहमति बनते ही विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर ट्रीटमेंट कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। बैठक सभासद कमला रतूडी ने सभी प्रभावितों के साथ जल्द एकमत प्रस्ताव तैयार करने का भरोसा दिलाया। सभासद सीमा देवी, हेमा डिमरी तथा रीना देवी ने भी क्षतिग्रस्त मकानों के उचित मुआवजे तथा त्वरित ट्रीटमेंट की जरूरत पर बल दिया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, एसडीएम सोहन सिंह रांगड समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रभावित परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
