गोपेश्वर। फेसबुक पर फर्जी आर्मी जवान बनकर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाते उनकी निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर युवती से एक लाख रुपये ठगने वाले को पुलिस ने धर दबोचा है।
चमोली जिले की कोतवाली कर्णप्रयाग में बीते 17 अप्रैल को पीड़िता ने एक शिकायती पत्र देकर बताया कि वर्ष 2024 में उसकी फेसबुक के माध्यम से रुड़की निवासी एक युवक से मित्रता हुई थी। वर्ष 2025 में युवक से रुड़की रेलवे स्टेशन पर मुलाकात हुई, जहां उसने अपना नाम कुलदीप भंडारी बताते हुए स्वयं को आर्मी में कार्यरत होना बताया। युवक के झांसे में आकर वादिनी ने अपनी निजी फोटो एवं वीडियो उसके साथ साझा कर दी। इसके बाद आरोपित ने इन निजी फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की गई। भयवश उसने आरोपी के खाते में एक लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कड़ी कार्रवाई के आदेश देते हुए कोतवाली कर्णप्रयाग में मामला पंजीकृत कराते हुए आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी को पुलिस टीम गठित की गई।
कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा व प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपित की लोकेशन रुड़की क्षेत्र के ढंडेरा में ट्रेस की। टीम की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए ढंडेरा निवासी आरोपित कुलदीप भंडारी (22) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
फर्जी आर्मी जवान बनकर युवती से ठगी, आरोपी गिरफ्तार
