गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरू होने में अब चार दिन का समय शेष रह गया है। चमोली जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चैधरी ने रविवार को कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लेते हुए लैंडस्लाइड जोन में युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है। गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य को पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में रविवार को ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चैधरी ने रविवार को यात्रा मार्ग का लिया जायजा लेते हुए मार्ग सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने कमेड़ा, नंदप्रयाग, पागलनाला, भनेरपानी एवं टंगड़ी के लैंडस्लाइड जोन में एनएचआईडीसीएल की ओर से संचालित मार्ग सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन संवेदनशील स्थलों पर कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने, अधिक मशीनरी एवं मैनपावर तैनात करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। बीआरओ के अधिशासी अभियंता को मारवाड़ी के आगे हाथीपहाड़ क्षेत्र समेत अन्य क्षतिग्रस्त स्थलों पर सड़कों के त्वरित सुधारीकरण के निर्देश दिए। पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को बदरीनाथ धाम में संचालित मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों को तय समय में पूर्ण करने तथा कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करने तथा संभावित आपदा स्थलों पर पूर्व तैयारी रखते हुए सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।
प्रभारी मंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों के कारण उत्पन्न एलपीजी आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए किए जा रहे वैकल्पिक उपायों एवं सरकार के प्रयासों की भी जानकारी दी, ताकि यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध रह सकें।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, एनएचआईडीसीएल के जीएम शादाब इमाम, पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल, बीआरओ के अधिशासी अभियंता केटी राव, कर्णप्रयाग के एसडीएम सोहन सिंह रांगण, चमोली के एसडीएम आरके पांडेय, जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ समेत जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बदरीनाथ यात्रा से पहले मार्ग दुरुस्ती पर जोर, प्रभारी मंत्री ने दिए कड़े निर्देश
