गोपेश्वर। भाकपा माले ने नारायणबगड़ ब्लाॅक के कोठली गांव के रामलाल की फरवरी माह में हत्या मामले को लेकर न्याय की लड़ाई में साथ देने की प्रतिबद्धता जताई है।
भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी, राज्य कमेटी के सदस्य किशोरी लाल तथा गढ़वाल कमेटी के सदस्य मदन मोहन चमोली ने कोठली गांव पहुंच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पीड़ित परिवार से मिलने के पश्चात बताया कि मृतक रामलाल के पुत्र बादल ने बताया कि उनके पिता की रात में बारात से लौटते हुए हत्या कर दी गई थी। वह बैंड बजाने का काम करते थे। बादल ने कहा कि संदिग्ध आरोपियों के नाम भी पुलिस को दे दिए गए हैं। इसके बावजूद घटना के छह माह बीत जाने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
भाकपा माले राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि पीडित परिवार की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की जघन्य वारदात का होना चिंता का विषय है। यदि दोषी नहीं पकड़े गए तो इससे अपराधियों को अपराध करने के लिए बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय दिलाए जाने और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करते हुए उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
रामलाल हत्या मामले का अभी तक नहीं हुआ खुलासाः भाकपा माले
