गोपेश्वर। यमुनोत्री धाम में खरसाली से रोप-वे निर्माण के लिए समरेखण में बदलाव किया जा रहा है। समरेखण में परिवर्तन को लेकर शासन स्तर पर प्रस्ताव पर अग्रिम कार्रवाई के पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विधायक संजय डोभाल ने सवाल किया था कि यमुनोत्री धाम के लिए खरसाली से रोपवे निर्माण के लिए छः जनवरी 2023 को आदेश जारी होने के बाद भी अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल किया कि कार्यदायी संस्था की ओर से अभी तक काम शुरू न करने का कारण क्या है। इस सवाल पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जबाव दिया कि इस कार्य के लिए निष्पादित कन्शेसन एग्रीमेंट में उल्लिखित किए गए प्रावधानों के क्रम में रोप-वे परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाने के लिए शासन ने 15 अप्रैल 2025 के माध्यम से ब्रिटकुल को नामित किया। निजी निवेशक की ओर से जानकीचट्टी (खरसाली) से यमुनोत्री मंदिर तक रोप-वे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करते हुए पूर्व निर्धारित समरेखण में परिवर्तन किए जाने संबंधी अनुरोध के क्रम में शासन स्तर पर प्राप्त प्रस्ताव पर अग्रेतर कार्रवाई गतिमान है। मंत्री ने बताया कि रोप-वे परियोजना के समरेखण में परिवर्तन किए जाने पर सक्षम स्तर से निर्णय के उपरांत जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
