ओवर लोडिंग तथा तेज रफ्तार वाहनों पर लगे रोकःसीडीओ

ओवर लोडिंग तथा तेज रफ्तार वाहनों पर लगे रोकःसीडीओ

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने पर जोर
गोपेश्वर। चमोली के मुख्य विकास अधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवर लोडिंग तथा वाहनों के तेज रफ्तार को नियंत्रित करने पर बल दिया है।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों के बारें में आम लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने एआरटीओ तथा पुलिस विभाग को ओवर लोडिंग तथा वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उनका कहना था कि वाहनों के फिटनेस का भी नियमित तौर पर परीक्षण किया जाना चाहिए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वालों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
सीडीओ ने सड़क से जुड़े अधिकारियों को सड़कों से मलवा हटाने तथा क्षतिग्रस्त दीवारों का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व में दुर्घटनाएं हुई है। उन स्थानों पर दुर्घटना से बचाव के लिए अपनाए गए उपायों पर भी स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। कहा कि पूर्व घटित सड़क दुर्घटनाओं के कारणों को उल्लेख कर घायलों तथा मृतकों को उपलब्ध कराई गई मुआवजे का ब्यौरा भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पाट को भी चिह्नित किया जाना चाहिए। इसके लिए सड़क सुधारीकरण पर जोर रहना चाहिए। सीएमओ को सड़क दुर्घटना पर त्वरित राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रो और चिकित्सालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं और उपकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता, पुलिस, तहसीलदार, लोनिवि के अधिशासी अभियंता, परिवहन, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी और एसडीएम वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *