समान नागरिक संहिता दिवस की तैयारी

गोपेश्वर। चमोली जिले में समान नागरिक संहिता दिवस मनाए जाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। इसके तहत विद्यालयों में निबंध लेखन तथा वाद विवाद प्रतियोगिताओं को आयोजन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
आगामी 27 जनवरी को समान नागरिक संहिता दिवस मनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में समान नागरिक संहिता दिवस पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने समान नागरिक संहिता से संबंधित गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसामान्य तक जानकारी देने के लिए भव्य कार्यक्रम करने पर जोर दिया।
इस दौरान डीएम गौरव कुमार ने समान नलागरिक संहिता दिवस के लिए नामित नोडल अधिकारी को सभी विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को यूसीसी के प्राविधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने यूसीसी से संबंधित विषय वस्तु का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने पर बल देते हुए कहा कि सभी विभागों को इस कार्यक्रम में सहभागिता करनी होगी। इससे यह कार्यक्रम सफल और प्रभावी बन सकेगा।
बैठक में एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम आरके पाण्डेय, डीपीआरओ रमेश चन्द्र त्रिपाठी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *