भालू के आतंक से निजात दिलाने को वन कर्मियों की रात्रि गश्त

भालू के आतंक से निजात दिलाने को वन कर्मियों की रात्रि गश्त

पोखरी। चंद्रशिला पट्टी के ग्रामीण क्षेत्रों में भालू के बढ़ते आतंक और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए वन विभाग हरकत में आ गया है। हिंसक भालू को पकड़ने के लिए केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की टीम लगातार दो दिनों से प्रभावित क्षेत्रों में रातभर गश्त कर रही है। भालू को रेस्क्यू कर ट्रैंक्यूलाइज करने के लिए विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
विकासखंड पोखरी के चंद्रशिला पट्टी के गांवों में भालू लगातार रात के समय गौशालाओं को तोड़कर मवेशियों को मार रहा है। इससे ग्रामीणों और पशुपालकों में भय के साथ ही वन विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर के उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह तथा नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं वन कर्मियों की अलग-अलग टीमों के साथ रातभर भालू प्रभावित क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं। विभाग की टीमें भालू की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह और वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने बताया कि भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने तथा ट्रैंक्यूलाइज करने की उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद किमोठा ग्राम पंचायत और तोंणजी के बीच पिंजरा लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भालू को रेस्क्यू कर ट्रैंक्यूलाइज किया जाएगा। जिससे क्षेत्रवासियों को भालू के आतंक से निजात मिल सकेगी।वन अधिकारियों ने बताया कि भालू प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें दिन-रात मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। भालू को पकड़ने के लिए लगातार निगरानी और गश्त जारी है।

भालू-बंदरों के आतंक से त्रस्त ग्रामीणों का जुलूस प्रदर्शन
पोखरी। विकासखंड पोखरी के ग्रामीण क्षेत्रों में भालू द्वारा लगातार गौशालाओं को तोड़कर मवेशियों को मारने तथा बंदरों, लंगूरों और जंगली सूअरों के आतंक से त्रस्त क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं वन विभाग के खिलाफ जुलूस निकालकर आक्रोश जताया। आक्रोशित ग्रामीणों ने डामर से विनायकधार तिराहे होते हुए पेट्रोल पंप तक जुलूस निकालकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने वन अधिनियम में संशोधन कर क्षेत्रीय जनता को हिंसक भालू और अन्य जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।जुलूस विनायकधार पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गया।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए किमोठा के प्रधान हरिकृष्ण किमोठी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, पूर्व प्रमुख प्रीती भंडारी, श्रवण सती सहित तमाम वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में हिंसक भालू लगातार गौशालाओं को तोड़कर मवेशियों को निशाना बना रहे हैं। इससे पशुपालकों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बंदरों, लंगूरों और जंगली सूअरों ने ग्रामीणों की खेती-बाड़ी को पूरी तरह चैपट कर दिया है। जंगली जानवरों के आतंक के चलते पहाड़ों में लोगों ने खेती करना छोड़ दिया है। बड़ी संख्या में खेत-खलिहान बंजर पड़े हैं और ग्रामीण रोजी-रोटी की तलाश में मैदानी क्षेत्रों की ओर पलायन कर रहे हैं।
वक्ताओं का कहना था कि पहाड़ों से पलायन लगातार बढ़ता जा रहा है।उन्होंने सरकार से तत्काल वन अधिनियम में संशोधन कर लोगों को हिंसक भालू, बंदरों, लंगूरों और जंगली सूअरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रीय जनता शासन-प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी। जुलूस-प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, पूर्व प्रमुख प्रीती भंडारी, ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, इंद्रप्रकाश रडवाल, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत निर्मोही, एडवोकेट श्रवण सती, सूरज खत्री, मंदोदरी पत, कल्पना बर्तवाल, माहेश्वरी देवी, भगत भंडारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पुरुष और महिलाएं शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *