राज्यपाल डाॅ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बदरीविशाल जी के दर्शन

राज्यपाल डाॅ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बदरीविशाल जी के दर्शन

गोपेश्वर। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से देवभूमि की संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण तथा स्वच्छ और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान का आह्वान किया।
राज्यपाल डॉ. बिसेन शनिवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने भगवान बद्री विशाल से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत एवं विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी का सामूहिक दायित्व है। कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित एवं देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों की मर्यादा का पालन करने, प्रदेश को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाने तथा उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीएम गौरव कुमार तथा एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल को बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यो की स्थिति से अवगत कराया।
इस दौरान उन्होंने भगवान बद्री विशाल से समस्त श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने तथा प्रदेश में निरंतर सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, एडीसी जितेन्द्र चैधरी उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय व अलकेश नौड़ियाल समेत अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व बदरीनाथ धाम पहुंचने पर जिलधिकारी गौरव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह् एवं हरित पौध भेंट कर स्वागत सत्कार किया।
बताते चलें कि 19 अक्टूबर को प्रदेश के 9 वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने के पश्चात डाॅ. बिसेन की बदरीनाथ धाम की यह पहली यात्रा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *