गोपेश्वर। पोखरी में नगर पंचायत की ओर से आयोजित हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग, पर्यटन एवं शरदोत्सव मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या बधाणी संस्था पिंडर के नाम रही। संस्था के कलाकारों ने लोकगीतों, भैरव जागर और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य कुंवर सिंह चैधरी ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेलाध्यक्ष सोहन लाल, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा और मेले के जनक पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने फूल-मालाओं, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।
लोकगीतों, भैरव जागर और पहाड़ी गीतों पर देर तक झूमे दर्शक
सांस्कृतिक संध्या में बधाणी संस्था पिंडर के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही लूटी। मैं पहाड़ों रौण वाली, तू दिल्ली वाली, मन तेरा बिना नी रांदों और श्माया लगीगे…. सहित विभिन्न लोकगीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भैरव जागर और पारंपरिक लोकधुनों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक प्रस्तुत की। संस्था के दलनायक प्रेम चंद देवराड़ी, नंदा बल्लभ देवराड़ी तथा गायक मृणाल रतूड़ी और रमेश देवराड़ी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता। कलाकारों की प्रस्तुतियों में पहाड़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और जनजीवन की झलक देखने को मिली।
मुख्य अतिथि कुंवर सिंह चैधरी ने कहा कि हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बत्र्वाल खादी ग्रामोद्योग, पर्यटन एवं शरदोत्सव मेला पोखरी क्षेत्र की शान और पहचान है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की।मेले के जनक पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि लोक कलाकारों की बदौलत ही हमारी संस्कृति और परंपराएं जीवंत बनी हुई हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। मेलाध्यक्ष सोहन लाल ने क्षेत्रवासियों से मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा, प्राथमिक शिक्षक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा, विजय सिमल्टी, रघुवीर सिंह और जितेंद्र सती समेत तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन टीपी सती और संतोष चैधरी ने किया।
बधाणी संस्था के कलाकारों के नाम रही मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या
