बदरीनाथ धाम से कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा का जोरदार आगाज

बदरीनाथ धाम से कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा का जोरदार आगाज

गोपेश्वर। भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों की खिलाफत तथा राज्य के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा बदरीनाथ से रवाना होकर चमोली जिले के विभिन्न नगरों से होकर आगे बढ़ गई है। इस दौरान तमाम कांगे्रसियों ने न्याय यात्रा में शामिल होकर विधानसभा चुनाव का आगाज कर दिया है।
भगवान बदरीविशाल की पूजा अर्चना के पश्चात यात्रा की रवानगी
बदरीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल की पूजा अर्चना कर न्याय की गुहार लगाते हुए यात्रा बदरीनाथ से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में रवाना हुई। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी, महिला कांगे्रस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, यूथ सेवादल के अध्यक्ष राकेश नवानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, रूद्रप्रयाग के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल, माणा के प्रधान पीतांबर मोल्फा, कांग्रेस नेता योगेंद्र बिष्ट, मुकुल बिष्ट, अनिल कठैत, जोशीमठ नगराध्यक्ष प्रकाश नेगी, ब्लाॅक अध्यक्ष दिगंबर सिंह बिष्ट, पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह, ब्लाॅक प्रमुख अनूप नेगी समेत तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में जनपद के विभिन्न नगरों की ओर बढ़ी।
बदरीनाथ धाम में न्याय यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोंधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा राज में भ्रष्ट्राचार, दुराचार तथा अन्याय चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ यह यात्रा सत्ता में भाजपा की वेदखली के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उनका कहना था कि डबल इंजन की सरकार के राज में जनता का कोई सुधलेवा नहीं है। युवा बेरोजगार रोजगार के लिए सड़कों पर भटक रहे हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपियों को सजा देने के बजाय उपकृत किया जा रहा है। वोट चोरी के जरिए सत्ता पर काबिज होने का रास्ता अख्तियार किया जा रहा है। इससे लोकतंत्र अब सुरक्षित नहीं रह गया है। सत्ता अहंकार में मस्त है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर रह गई है। अब आम लोगों ने भी भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन बना दिया है। अब विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। इसलिए जनता की नजरें कांग्रेस की ओर टिक गई हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा से सत्ता से बेदखल करने के लिए एकजुट प्रयास करने की जरूरत पर बल दिया।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि भगवान बदरीविशाल के दरबार से उठी न्याय की यह आवाज पूरे गढ़वाल, कुमाऊँ और तराई तक गूंजेगी। उन्होंने जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता की इस लड़ाई को जन-जन तक पहुँचाकर इस जनविरोधी एवं संस्कृति विरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकंने को राज्य के लिए जरूरी बताया।
जोशीमठ में न्याय यात्रा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से यात्रा दल की आगवानी की। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने आम लोगों से भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की। पीपलकोटी तथा चमोली में भी न्याय यात्रा को कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *