पोखरी। विकासखंड पोखरी के चमेठी गांव में 84 गांवों की आराध्य देवी मां चंडिका की पवित्र बन्याथ यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को मां चंडिका मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। मंदिर में जौ की हरियाली बोने के साथ ही क्षेत्र में मां की आराधना, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बन गया है। आगामी 20 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन से मां चंडिका की बन्याथ यात्रा शुरू होगी।नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया। वेदपाठी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर जौ की हरियाली बोई। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां चंडिका के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं की मौजूदगी में दिनभर भजन-कीर्तन और मां के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर माहौल ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
84 गांवों की आस्था का केंद्र है बन्याथ यात्रामां चंडिका की बन्याथ यात्रा क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक परंपरा, लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक मानी जाती है। यात्रा को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चैधरी ने बताया कि 20 अक्टूबर को विजयदशमी के दिन से बन्याथ यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नौ दिवसीय नवरात्र के दौरान मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे।बन्याथ यात्रा से जुड़े धार्मिक आयोजन के पहले दिन बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने मंदिर पहुंचकर मां चंडिका के दर्शन किए और मंदिर समिति को 51 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. महेश चैधरी ने धार्मिक आयोजन के लिए एक लाख दस हजार एक सौ एक रुपये की धनराशि प्रदान की। दोनों की ओर से दिए गए सहयोग से आयोजन समिति को धार्मिक कार्यक्रमों के बेहतर संचालन में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर सुखदेव प्रसाद गैरोला, दिनेश जोशी, विनोद मलेठा, सर्वेश्वर प्रसाद चमोला, राकेश कांडपाल, ब्रह्म गुरु दीपक कुंवर, मंदिर समिति अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चैधरी, लक्ष्मी प्रसाद पंत, मयंक पंत, महिधर पंत, खेमराज चैधरी, दीपक चैधरी, मंदोदरी पंत, सत्येंद्र बुटोला, अनंतराम भट्ट, रवींद्र पवार, हनुमत असवाल और राकेश पंवार, संदीप पंत , सहित वेदपाठी ब्राह्मण, आयोजन समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
84 गांवों की आराध्य मां चंडिका की बन्याथ यात्रा की तैयारियां तेज
