बाल विज्ञान महोत्सव में चमोली के बच्चों का जलवा

बाल विज्ञान महोत्सव में चमोली के बच्चों का जलवा

गोपेश्वर। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव में चमोली के बच्चों का जलवा रहा। इसमें बच्चों ने 18 पदक हासिल कर प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
महोत्सव में जलवायु परिवर्तन अनुकूल रणनीतियां तथा आपदा जोखिम प्रबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा एवं स्वच्छता” के तहत बाल वैज्ञानिकों ने कविता मॉडल नाटक विज्ञान प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताओं में अपनी प्रस्तुति दी। राज्य स्तरीय महोत्सव में जनपद चमोली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर क्विज में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौणा की रिया, प्रशांत तथा सागर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। इसी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गैरसैण के दिव्यांशु, संस्कृति और आशीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान नाटक में जनपद के सबसे दूरस्थ विद्यालय इंटर कॉलेज झिझोणी (नारायणबगड़) के समीर, मयंक, नमन, आयुष, भावना,आंचल, जिया,व प्रिया ने मनमोहक प्रस्तुति देकर प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। विज्ञान मॉडल के जूनियर वर्ग में हाई स्कूल थैंग (ज्योर्तिमठ)के आरब ने द्वितीय तथा इसी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी तपोवन के कृष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान से आधारित हिंदी कविता पाठ में दूरस्थ विद्यालय कोटी-चांदपुर की कशिश ने द्वितीय तथा अंग्रेजी भाषा की विज्ञान आधारित कविता में करण सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जनपद चमोली के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर सर्वाधिक 18 पदक प्राप्त कर प्रथम स्थान में परचम लहराया।
जिला समन्वयक नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि को जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताया। इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली श्रीमान आकाश सारस्वत तथा अकादमिक समन्वयक डाॅ. प्रताप बिष्ट ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *