गोपेश्वर। जिला योजना समिति (डीपीसी) के 18 सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। सदस्यों का निर्वाचन जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से होगा।
जनपद चमोली में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जिला पंचायत तथा नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के लिए कुल 18 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला योजना समिति) द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित करते हुए सार्वजनिक सूचना जारी की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला योजना समिति के लिए जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 14 सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से विभिन्न प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के माध्यम से 4 सदस्यों का निर्वाचन होगा। इस प्रकार जिला योजना समिति में कुल 18 सदस्य निर्वाचित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार नाम निर्देशन पत्र निर्धारित स्थानों से 12 अक्टूबर तक प्राप्त किए जा सकते हैं। नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर अथवा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को निर्धारित स्थान पर 12 अक्टूबर तक प्रतिदिन पूर्वाह्नन 11 बजे से अपराह्नन 4 बजे तक दिए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को होगी। यदि कोई उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस लेना चाहता है, तो वह 14 अक्टूबर को पूर्वाह्नन 11 बजे से अपराह्नन 3 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर नाम वापस ले सकता है। मतदान 16 अक्टूबर को होगा। उसी दिन मतगणना भी होगी।
डीपीसी के 18 सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू
