गोपेश्वरं चमोली जिला प्रशासन भी गैरसैंण में विधानसभा के इसी माह आयोजित होने जा रहे सत्र को लेकर तैयारियों में जुट गया है। डीएम ने अधिकारियों को तैयारियों को लेकर व्यवस्थाएं चाक चैबंद करने के निर्देश दिए हैं।
गैरसैंण में विधानसाभा के प्रस्तावित सत्र को लेकर एनआईसी वीसी सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में प्रतिभाग करते हुए संबंधित विभागों को सत्र के सफल, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्र से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाना चाहिए ताकि किसी भी स्तर पर कमी न रहे।
डीएम ने जल संस्थान को पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाने तथा पुलिस बैरक के लिए पृथक पेयजल लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। शहरी विकास विभाग एवं जिला पंचायत को पर्याप्त मोबाइल एवं स्थायी शौचालय, स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं वैकल्पिक व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत एवं सफाई तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा टीम, एंबुलेंस एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कहा कि विधानसभा सत्र को देखते हुए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पुलिस, पूर्ति, शहरी विकास, जिला पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
