पुरानी पेंशन बहाली को कर्मचारियों ने बुलंद की आवाज

पुरानी पेंशन बहाली को कर्मचारियों ने बुलंद की आवाज

गोपेश्वर/पोखरी। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी शिक्षकों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके चलते कर्मचारी शिक्षकों ने एनपीएस-यूपीएस के विरोध में कार्यस्थलों पर प्रतियां जलाई।\

एनपीएस-यूपीएस के विरोध में कर्मचारियों ने जलाई प्रतियां
चमोली जिले में कर्मचारी शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एकबार फिर आवाज बुलंद की है। इसके तहत जनपद के तमाम क्षेत्रों में एनपीएस-यूपीएस की प्रतियां जलाई गई।
पोखरी। एनएमओपीएस शाखा पोखरी से जुड़े कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नई पेंशन योजना (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) का विरोध करते हुए अपने-अपने कार्यस्थलों पर इनके प्रतिरूप जलाकर सरकार के समक्ष पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई।
इस दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों ने कहा कि एक अक्तूबर 2004 को कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त की गई थी, इसलिए आज इसी दिन एनपीएस और यूपीएस के विरोध में प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मजबूती से उठाया जा रहा है। एनएमओपीएस के आह्वान पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए। कर्मचारियों का कहना है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि एनपीएस और यूपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष लखपत सिंह नेगी, शाखा मंत्री राजकिशोर बासकंडी, महिपाल चैहान, डाॅ. प्रियम गुप्ता, डाॅ. मोहिनी, रमेश रावत, प्रीति,शारदा, श्रवण नेगी समेत तमाम शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *