गोपेश्वर। चमोली जिले में शुक्रवार को एनीमिया के खिलाफ महा अभियान का आगाज होगा। यह महा अभियान 9 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लक्षित आयु वर्ग के लोगों की जांच एवं आवश्यक उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजीव सिंह पाल ने बताया कि शरीर में आयरन एवं हीमोग्लोबिन की कमी के कारण होने वाले एनीमिया की रोकथाम तथा नियंत्रण के लिए चमोली जिले में 2 से 9 अक्टूबर तक पल्स एनीमिया महा अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन होगा। बताया कि अभियान का उद्देश्य एनीमिया से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों को एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यकता के अनुसार आयरन एवं फोलिक एसिड की दवा उपलब्ध कराई जाएगी।एनीमिया के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं संतुलित आहार के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी लोगों से अपील की है कि अभियान के दौरान अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा निर्धारित जांच स्थल पर पहुंचकर हीमोग्लोबिन की जांच अवश्य कराएं। विशेष रूप से बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य लक्षित वर्गों को अभियान का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
एनीमिया की रोकथाम को महा अभियान
