लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में नहीं हो देरी: एसपी

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में नहीं हो देरी: एसपी

गोपेश्वर। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भराड़ीसैंण में इस माह विधानसभा के संभावित मानसून सत्र के चलते अभी से तैयारियों में जुटने पर जोर दिया है। उनका कहना था कि कानून व्यवस्था के सवाल पर लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विषम परिस्थितियों में नंदा जात यात्रा के सफंल संचालन में बेहतर योगदान देने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया।

पुलिस भराड़ीसैंण में संभावित मानसून सत्र की तैयारीे में जुटी
चमोली पुलिस के मासिक सम्मेलन तथा अपराध बैठक में एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को भराड़ीसैंण में इस माह संभावित मानसून सत्र के चलते स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने तथा सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण के पहले ही शुरू हो जाने तथा वर्तमान में चल रहे पितृ पक्ष के दृष्टिगत श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क रहने को कहा। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा कराना पुलिस की प्राथमिकता का हिस्सा है।
एसपी पंवार ने आगामी दिनों में श्री हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के दृष्टिगत संभावित वीआईपी/वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जनपद में संभावित वीवीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व से आकलन कर तैयारियां पूर्ण रखने को कहा गया। कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने पर बल दिया।
ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक एवं ई-साइन’ समेत विभिन्न डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफॉर्म की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी एसपी ने दिए। एमआरएम, जीआरएम, समन्वय एवं सहयोग पोर्टल तथा सीसीटीएनएस पर प्राप्त शिकायतों एवं संदर्भों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रगति डैशबोर्ड पर लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनीटरिंग तथा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल देते हुए उनका कहना था कि इसमें हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए।
नन्दा जात यात्रा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विनोद चैरसिया एवं उपनिरीक्षक नवनीत भण्डारी को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरूस्कृत किया गया।
इस दौरान कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा, चमोली के पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे समेत थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *