गोपेश्वर। विवाहिता की हत्या के मामले में कर्णप्रयाग पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
बताते चलें कि बीते 7 सितम्बर को गैरसैण थाना क्षेत्र के मेहरगांव निवासी धनीराम ने कोतवाली कर्णप्रयाग में अपनी विवाहिता बेटी कर्णप्रयाग के सेनू गांव की सूरज कुमार की पत्नी ज्योति की 6 सितंबर को हत्या करने की तहरीर दी गई। इस मामले में विवाहिता ज्योति के पति सूरज कुमार, जेठ विनोद कुमार, ससुर गोपाल लाल एवं सास तारा देवी को नामजद किया गया था।
तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस मामले में कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में मामले की गहनता से जांच प्रारम्भ की गई। प्रारम्भिक जाँच के दौरान मृतका ज्योति के पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को अभियोग में नामजद अभियुक्त सूरज कुमार को धारा 108 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
कर्णप्रयाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस प्रकरण में विवेचना आगे भी जारी रहेगी।
