कृषि मंडी समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र पाल का जोरदार स्वागत

पोखरी। चमोली कृषि उत्पादन मंडी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बीरेंद्र पाल सिंह भंडारी ने बुधवार को कर्णप्रयाग में अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण किया। पोखरी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप से विनायकधार तक जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का आभार जताया।
इस दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष बीरेंद्र पाल भंडारी ने कहा कि सरकार के सहयोग से कृषि मंडी का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनपद के किसानों को उनके उत्पादों का उचित बाजार और बेहतर मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय किसानों को उनके कृषि उत्पादों का बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि उत्पादन मंडी समिति का निर्माण किया गया था। लेकिन नियमित संचालन नहीं होने के कारण मंडी का कामकाज मुख्य रूप से लाइसेंस जारी करने तक सीमित होकर रह गया है। वहीं भूधंसाव के कारण मंडी परिसर और कार्यालय भवनों में जगह-जगह दरारें आने से यहां कारोबार करने वाले दुकानदार भी प्रभावित हुए हैं।
भंडारी ने कहा कि मंडी परिसर में आई दरारों की मरम्मत के साथ कार्यालयों और दुकानों को सुव्यवस्थित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। मंडी के नियमित संचालन से किसानों को स्थानीय स्तर पर अपने उत्पादों के विपणन की सुविधा मिलने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को भी लाभ पहुंच सकेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, नंदन बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, रघुवीर सिंह बिष्ट, महावीर बासकड़ी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधारानी रावत, विनोद कनवासी, प्रदीप चैहान, रंजना रावत, पुष्पा चैधरी, पुष्पा पंत, मीना रावत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *