जोशीमठ अस्पताल की बदहाली पर भड़की यूकेडी

जोशीमठ अस्पताल की बदहाली पर भड़की यूकेडी

गोपेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल ने जोशीमठ अस्पताल की बदहाल व्यवस्था में सुधार को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
यूकेडी के जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोशीमठ अस्पताल की बदहाली को लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन के बीच धरना दिया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने एक्स-रे तकनीशियन की कमी को दूर पर जोर देते हुए की गायनेकोलॉजिस्ट की नियमित नियुक्ति, बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) की तैनाती की मांग उठाई। उन्होंने नेत्र रोग विशेषज्ञ की नियमित सुविधा और हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक) की नियुक्ति पर भी जोर दिया। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की नियमित एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ को उच्चीकृत कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
केंद्रीय नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि जोशीमठ जैसे महत्वपूर्ण और सीमावर्ती क्षेत्र के अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी जांच सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है। स्थानीय जनता को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है। सरकार को घोषणाओं के बजाय जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करनी होंगी। केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण ने कहा कि जोशीमठ क्षेत्र की बड़ी आबादी के साथ ही यह बद्रीनाथ धाम और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बावजूद अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यूकेडी स्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
धरना प्रदर्शन में कार्यकारी जिलाध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, महावीर सिंह पवार, भरत सिंह कुंवर, किरण डिमरी, मूसली देवी, सौरभ सती, प्रशांत डिमरी, दीपक सती, अमन कुमार, आयुष फस्र्वाण आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *