गोपेश्वर। गैरसैंण पुलिस ने विद्युत तार चोरी मामले में मुख्य आरोपी को धर दबोच लिया है। अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी के 4 केबिल ड्रम बरामद हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मटियाला-नौटी मार्ग पर मटियाला तथा घंडियाल धार में बिजली तारों के चोरी की शिकायत आई थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया था। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने विद्युत तार चोरी की घटना में वंाछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद खुगशाल के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की तहकीकात की जाने लगी।
रविवार को थाना गैरसैंण पुलिस को मुखबिर के माध्यम से केबिल चोरी के नामजद मुख्य आरोपी के बारे में जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीम जब आदिबद्री हनुमान मंदिर के पास पहुंची तो पता चला की विद्युत तार चोरी की घटना से संबंधित मुख्य आरोपी कुछ समय पूर्व आने-जाने वाले वाहनों को हाथ देकर रोक रहा था। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। इसी दौरान मटियाला-नौटी रोड पर सुगड़ बैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही उसे धर दबोच लिया।
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम आस मोहम्मद निवासी महमूदपुर टिगरी, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद बताया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों वसीम एवं मुजफ्फर के साथ मिलकर पूर्व में मटियाला एवं घंडियाल धार से 4 केबिल ड्रम खोलकर विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की। अभियुक्त ने बताया कि चोरी का माल लोडर वाहन से ले जाते समय अधिक माल होने के कारण उसने कुछ तार सुगड़बैंड से आगे कर्णप्रयाग की ओर जंगल में छिपा दिए थे। जबकि शेष चोरी का माल चलते-फिरते कबाड़ियों को बेच दिया था।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा मटियाला-नौटी रोड से करीब 20 मीटर अंदर जंगल में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान सूखे पत्तों एवं झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए विद्युत के 600 मीटर लंबाई के तार बरामद किए।
