सड़क किनारे शराब पीने वालों पर पुलिस ने खोला मोर्चा

सड़क किनारे शराब पीने वालों पर पुलिस ने खोला मोर्चा

गोपेश्वर। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों तथा सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत खुल आम शराब का सेवन कर हुड़दंग मचाने वाले 29 पियक्कड़ों को पुलिस ने धर दबोचा।
सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने को लेकर पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी। गोपेश्वर के थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने आम लोगों को हो रही दिक्कतों को लेकर अलग-अलग टीमें गठित कर शराबियों के खिलाफ अभियान चलाया। इसके तहत 29 लोगों को शराब पीते मौके पर ही पकड़ लिया। इनमें युवा और अधेड़ उम्र के लोग शामिल रहे।
थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि पुलिस द्वारा सभी 29 लोगों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 13500 रूपये का संयोजन शुल्क वसूला। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आम लोगों को परेशान करने वालों में हड़कंप मच गया। बताया कि सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने से राहगीरों तथा स्थानीय नागरिकों को आने-जाने में असुविधा के साथ ही सार्वजनिक माहौल भी प्रभावित हो रहा था। हाल ही में व्यापार संघ के साथ आयोजित बैठक में भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था।
पुलिस ने पकड़े गए सभी लोगों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आम लोगों को परेशान करना, हुड़दंग मचाना अथवा सार्वजनिक शांति भंग करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस प्रकार के कृत्य की पुनरावृत्ति पाए जाने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध और अधिक कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *