गोपेश्वर। बदरीनाथ मंदिर के दर्शनों को आने वाले तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा 16 लाख 70 हजार से अधिक पार कर गया है। इसी तरह हेमकुंड साहिब के दर्शनों को भी 2 लाख 83 हजार तीर्थ यात्री पहुंच चुके हैं।
बताते चले कि इस साल सनातनी हिंदुओं के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल आम श्रद्धालुओं के दर्शनों को खुल गए थे। कपाट खुलने के पश्चात उच्च हिमालय में स्थित बदरीनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों का रेला उमड़ता रहा। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषिप्रसाद सती ने बताया कि अबतक 16 लाख 70 हजार से अधिक तीर्थ यात्री भगवान के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित कर चुके है। कहा कि तीर्थ यात्रियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। यह क्रम अब आगे भी चलता रहेगा। मानसून सत्र निपटने के पश्चात एकबार फिर बदरीनाथ तथा केदारनाथ धामों में तीर्थ यात्रियों की भारी आमद देखने को मिलेगी।
इसी तरह उच्च हिमालय में स्थित सिखों के प्रमुख धाम हेमकुंड साहिब में भी सिख तीर्थ यात्रियों की लगातार आवाजाही हो रही है। अबतक 2 लाख 83 हजार से अधिक तीर्थ या़त्री मत्था टेक चुके हैं। लक्ष्मण मंदिर लोकपाल के दर्शनों को भी हिन्दू सनातनी लगातार दर्शनों को पहुंच रहे है।
उत्तराखंड राज्य की आर्थिकी का प्रमुख स्रोत मानी जाने वाली चारधाम यात्रा के सकुशल जारी रहने से राज्य के लोगों के आजीविका को बल मिलता जा रहा है। इसके चलते चारधाम यात्रा से जुड़े पर्यटन कारोबारियों की आमद भी बढ़ती जा रही है।
भगवान बदरीविशाल के दर्शनों को आए 16.70 लाख तीर्थयात्री
