गोपेश्वर। रक्षाबंधन से पूर्व खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा तहसील की सयुक्त टीम ने खाद्य सामग्री दुकानों पर छापेमारी की इस दौरान पांच दुकानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेते हुए तीन दुकानों में एक्सपायरी सामग्री नष्ट कर नोटिस जारी किए गए।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में चमोली जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोपेश्वर, चमोली और पीपलकोटी बाजारों में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच की। इसके तहत पांच दुकानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। तीन दुकानों में कालातीत (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया और संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
अभिहित अधिकारी अमिताभ जोशी ने बताया कि त्यौहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाजारों में लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी प्रमुख बाजारों में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बताया कि व्यापारियों से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य त्यौहार के दौरान मिलावटी, खराब अथवा कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।
खाद्य सामग्री की दुकानों पर छापेमारी, पांच सैंपल भी लिए
