श्रमिक कार्ड बनाने में अधिक शुल्क लेने पर भड़के डीएम

श्रमिक कार्ड बनाने में अधिक शुल्क लेने पर भड़के डीएम

गोपेश्वर। श्रमिक कार्ड बनाने को लेकर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लिये जाने के मामलें को लेकर डीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रमिको को सरल और पारदर्शी सेवाएं देना प्राथमिकता रहेगी। इसके चलते इस तरह की शिकायतें आई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल डीएम गौरव कुमार के संज्ञान में यह बात आई कि श्रमिक कार्ड बनाये जाने को लेकर विभिन्न माध्यमों से शिकायतें और समस्यायें आ रही है। इसके तहत सीमित संख्या में टोकन दिए जाने तथा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लिए जाने जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से आई। इस तरह की शिकायत आने पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल श्रम प्रवर्तन कार्यालय पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी चाइल्ड रेस्क्यू अभियान में गए थे। डीएम ने उन्हें सभी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा के लिए अपने कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये। कहा कि श्रमिक कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों, टोकन व्यवस्था, निर्धारित शुल्क, आवेदन प्रक्रिया तथा श्रमिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जहां आवश्यकता होगी वहां तत्काल सुधार किया जाएगा।
डीएम का कहना था कि श्रमिकों की सुविधा के लिए आवश्यकता पड़ने पर कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से श्रमिक कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिन विकासखंडों में श्रमिक कार्ड बनाने का कार्य सौंपा गया है, वहां की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी विकासखंड में श्रमिक कार्ड बनाने का कार्य नहीं हो रहा है तो इसके कारणों की जांच कर तत्काल व्यवस्था शुरू कराई जाएगी। ताकि श्रमिकों को अपने ब्लाॅकों में ही सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी श्रमिक से निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि अथवा किसी अन्य नाम पर अतिरिक्त शुल्क लिए जाने की शिकायत प्राप्त होगी तो उसकी जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों को निर्धारित शुल्क, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और कार्ड बनने की प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट, सही एवं पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर उप जिलाधिकारी चमोली से सामान्य श्रमिक के रूप में कार्यालय के बाहर चस्पा किए गए संपर्क नंबर पर फोन करवाकर श्रम कार्ड बनाने की प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राज कुमार पांडे समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *