चमोली में एसआईआर अभियान में 573 पोलिंग बूथों पर सुनवाई पूरी: डीएम

चमोली में एसआईआर अभियान में 573 पोलिंग बूथों पर सुनवाई पूरी: डीएम

गोपेश्वर।एसआईआर अभियान के तहत चमोली जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 63247 लोगों को नोटिस थमा दिए गये है। इसके चलते 633 में से 573 पोलिंग बूथों पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई भी कर दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गोपेश्वर में आयोजित पत्रकार वार्ता में सवालों के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होनें एसआईआर अभियान के तहत जनपद में चल रहे कार्यों, दावे-आपत्तियों की सुनवाई तथा मतदाता पंजीकरण की प्रगति की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिसों के सापेक्ष अब तक 63,247 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष 100 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समयावधि में पूरा करने की कार्रवाई जारी है। इसके तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 21,818, थराली में 19,921 तथा कर्णप्रयाग में 21,508 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।
डीईओ ने बताया कि जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं। निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद के 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 633 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक नामित किए गए हैं। बताया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 28 अगस्त तक थराली विधानसभा क्षेत्र में 31 अगस्त तक सुनवाई का सिलसिला जारी है।
निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-6, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए प्रारूप-8 में संबंधित विवरण उपलब्ध कराया गया है। पत्रकारो को एसआईआर की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 14 अगस्त से ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर में ऑनलाइन प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की तिथि 15 सितंबर के पश्चात किया जाएगा।
डीएम ने 21 अगस्त तक मतदेय स्थलों पर नोटिसों की सुनवाई की स्थिति के संबंध में बताया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 219 में से 211, थराली के 220 में से 171 तथा कर्णप्रयाग के 194 में से 191 मतदेय स्थलों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। इस प्रकार जनपद के कुल 633 मतदेय स्थलों में से 573 पर सुनवाई पूरी हो गई है जबकि 60 मतदेय स्थलों पर सुनवाई होनी बाकी है। कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को दावे-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कई।
पत्रकार वार्ता में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती समेत मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *