उत्तराखंड में विधानसभा के चुनाव तय समय पर ही होंगेःकौशिक

उत्तराखंड में विधानसभा के चुनाव तय समय पर ही होंगेःकौशिक

 

गोपेश्वर। काबिना मंत्री मदन कौशिक ने उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव समय से पूर्व होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि चुनाव तय समय पर ही होंगे।
गोपेश्वर में विधानसभा चुनाव समय से पूर्व होने की अटकलों को लेकर एक खास मुलाकात में पूछे गए सवाल के जबाव में काबिना मंत्री कौशिक ने कहा कि राज्य में तय समय पर फरवरी माह में ही चुनाव होंगे। यह पूछे जाने पर कि अगले साल 14 जनवरी से हरिद्वार कुंभ तथा जनगणना होने के चलते इसी साल नवम्बर माह में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है तो इस सवाल पर उनका जबाव था कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत तय समय पर ही अगले साल फरवरी माह में चुनाव होंगे। भाजपा के जल्द चुनाव की तैयारियों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उनका कहना था कि भाजपा कोई भी एक चुनाव जीतती है तो दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाती है। इसलिए इसका यह आशय नहीं निकाला जाना चाहिए कि चुनाव समय से पूर्व होंगे।
काबिना मंत्री कौशिक ने साफ तौर पर कहा कि विधानसभा के होने जा रहे चुनाव में भाजपा फिर हैट्रिक लगाएगी। सरकार के कामों पर ही इस बार भी आम जनता की मुहर लगेगी। खासकर कांग्रेस और यूकेडी के सत्ता परिवर्तन से संबंधित दावों को सिरे से खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि इन दलों के दावों में जरा सा भी दम नहीं है। दोनों दल इस बार भी हासिए पर ही रहेंगे और भाजपा सत्ता में काबिज होगी।
इस दौरान पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, दायित्वधारी हरक सिंह नेगी, किसान मोर्चे के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट तथा भेषज सहकारी संघ के अध्यक्ष सतेंद्र असवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *